शिमला: (HD News); आज पूर्वाह्न 10:15 बजे भारतीय विधि संस्थान हरिदेवी, घणाहट्टी के 110 छात्र – छात्राओं ने विधान सभा सचिवालय पहुँचकर हि०प्र० विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की तथा सदन की कार्यवाही को देखा। मुलाकात के दौरान छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष से संसदीय प्रणाली, विधान सभा की कार्यवाही, पीठासीन अधिकारी की सदन में भूमिका तथा सत्र संचालन सम्बन्धी कई प्रश्न पूछे। विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्रों को इसकी भरपूर जानकारी दी तथा सदन में आज होने वाली कार्यवाही से भी अवगत करवाया।

छात्र – छात्राओं से संवाद के दौरान पठानियां ने कहा कि विधायक का चुनाव जनता अपने मत द्वारा सीधे तौर पर करती है तथा हमारे देश में लोकतान्त्रिक प्रणाली विद्यमान है। पठानियां ने कहा कि हमारा देश तथा प्रदेश नियमानुसार लोकतान्त्रिक प्रणाली से संवैधानिक व्यवस्था के अुनसार चलता है। पठानियां ने कहा कि कानून बनाने का काम लोक सभा तथा विधान सभा के पास है जिसका संविधान में प्रावधान किया गया है। पठानियां ने कहा कि डॉ0 भीम राव अम्बेदकर ने दुनियां के सारे देशों के संविधान का गहन अध्ययन करने के उपरान्त भारतीय संविधान की रचना की जिसके अधीन आज 140 करोड़ भारतीय एकजुटता, आपसी सदभाव तथा प्रेम भाव से रह रहे हैं तथा इस राष्ट्र की खुशहाली, प्रगति तथा समृद्वि के लिए दिन रात प्रयत्नशील हैं।
पठानियां ने कहा कि आप सभी युवा अब लोकतन्त्र के प्रहरी हैं तथा इस देश की संसदीय प्रणाली को मजबूत करना अब आपका जिम्मा है। पठानियां ने कहा कि आप सभी राष्ट्र निर्माण में अपना – अपना योगदान अलग – अलग भूमिका में दे सकते हैं वह चाहे प्रशासनिक अधिकारी के रूप में हो या एक जनप्रतिनिधि के रूप में। आप सभी इस प्रदेश तथा देश के भविष्य हैं और आप सभी के जहन में रहना चाहिए की लाखों स्वतंत्रता सैनानियों की कुर्बानियों की वजह से हमें आजादी मिली है जहाँ हमारे पास अपनी चुनी हुई सरकार है वहीं अपना संविधान भी है। उन्होने कहा कि सरकार चुनने का अधिकार सीधे जनता के पास है तथा एक निश्चित अवधि के बाद यदि जनता चाहे तो सरकार को अपने मत से बदल भी सकती है। पठानियां ने सभी छात्रों को सदन की कार्यवाही देखने को आमंत्रित किया तथा अपनी ओर से शुभकामनाएँ दी।