धर्मपुर में तबाही का मंजर! उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बोले– “प्रभावितों को मिलेगी हरसंभव मदद” - पढ़ें पूरी खबर..
मंडी: (HD News); उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को धर्मपुर में सोन खड्ड में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बहाली कार्यों की समीक्षा की।
उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती आकलन के अनुसार इस बाढ़ और भारी बारिश से धर्मपुर क्षेत्र में सार्वजनिक व निजी संपत्ति को लगभग 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें केवल हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को ही करीब 6 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। निगम की 20 बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें 18 धर्मपुर डिपो तथा एक-एक बस सरकाघाट और बिलासपुर डिपो की शामिल है। धर्मपुर बस अड्डा भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है, हालांकि निगम का स्टाफ सुरक्षित है।

इसके अलावा जलशक्ति विभाग की कई योजनाएं, खंड विकास कार्यालय का रिकॉर्ड, कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। साथ ही सड़कों, बिजली बोर्ड और लोगों की निजी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
एक सप्ताह में सभी सड़कें खोलने के निर्देश -
मुकेश अग्निहोत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी बस योग्य सड़कें बहाल की जाएं। साथ ही उन्होंने बिजली आपूर्ति को भी जल्द से जल्द पूर्ण रूप से बहाल करने के आदेश दिए। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बसें बस अड्डे से बाहर सुरक्षित थीं, उनके माध्यम से मुख्य मार्गों पर परिवहन सेवाएं पुनः शुरू की जाएंगी।
इससे पहले उन्होंने धर्मपुर बस अड्डे और बाजार में हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया और प्रभावित लोगों से संवाद कर प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी -
इस मौके पर उप मुख्य-सचेतक केवल सिंह पठनिया, विधायक चंद्रशेखर व कविता शेखर, एसपी साक्षी वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम जोगिंदर पटियाल, HRTC की बीओडी सदस्य धर्मेन्द्र धामी, मुख्य अभियंता जलशक्ति रोहित दुबे, PWD प्रमोद कश्यप, विद्युत विभाग के XEN संतोष कुमार सहित HRTC, ग्रामीण विकास और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।