राजधानी शिमला के मेहली-शोघी बाईपास स्थित एक नाले के पत्थरों के बीच से पुलिस और SDRF की टीम ने एक अज्ञात पुरुष का अत्यधिक सड़ा-गला शव बरामद किया है। प्राथमिक जांच में शव करीब 20 से 25 दिन पुराना बताया जा रहा है। विकृत चेहरा होने के कारण पहचान में आ रही मुश्किलों के बीच मृतक की दाहिनी बाजू पर बना 'ॐ' का टैटू पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए शिनाख्त का मुख्य जरिया बन सकता है। पढ़ें पूरी खबर..
शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मेहली-शोघी बाईपास पर स्थित एक नाले से एक अज्ञात पुरुष का अत्यधिक सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नाले के पत्थरों के बीच शव फंसे होने की सूचना मिलते ही शोघी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (HP SDRF) की मदद ली गई। SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, यह शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
शव के अत्यधिक गल जाने के कारण मृतक का चेहरा पूरी तरह विकृत हो चुका है, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल कठिन हो रहा है। हालांकि, पुलिस को शव के निरीक्षण के दौरान मृतक की दाहिनी बाजू पर 'ॐ' का टैटू बना मिला है, जिसे पहचान स्थापित करने में एक बड़ा और महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस हुलिए या बाजू पर बने 'ॐ' के टैटू वाले किसी गुमशुदा व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत निकटतम पुलिस थाना या शोघी पुलिस चौकी से संपर्क करें।
