हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। लाहौल-स्पीति सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और राजधानी शिमला (81 मिलीमीटर) व अन्य मध्यवर्ती जिलों में झमाझम बारिश के चलते प्रदेश में अक्टूबर के महीने में ही दिसंबर जैसी कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने आज भी पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, हालांकि 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में मौसम साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर
शिमला: (HD News); हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीती रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम में आए इस बदलाव और ठंडी हवाओं के चलते राजधानी शिमला सहित कई जगहों पर अक्टूबर महीने में ही दिसंबर जैसी कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है।

शिमला में भारी बारिश, केलांग में हिमपात
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, प्रदेश में जमकर मेघ बरसे हैं। राजधानी शिमला में सबसे अधिक 81 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा धर्मशाला में 30 मिलीमीटर, पालमपुर में 20 मिलीमीटर और कुकुमसेरी में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। वहीं, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलांग में बीते 24 घंटों के दौरान 3 से 5 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है।

बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर को चंबा, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है। इन इलाकों के लिए बाकायदा अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है। 16 अक्टूबर को भी कांगड़ा और मंडी के मध्यवर्ती इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

तापमान में गिरावट, 17 अक्टूबर से मिलेगी राहत
बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे (-0.4 डिग्री सेल्सियस) पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान शिमला में 23, सोलन में 26, धर्मशाला में 27 और ऊना में 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा, जिसके बाद दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।