उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के समापन की तिथियां नजदीक आने के साथ ही केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष शीतकाल के लिए गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को, जबकि केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर 11 नवंबर को विधि-विधान से बंद किए जाएंगे।

वहीं, भू-वैकुंठ कहे जाने वाले श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात्रि 09 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद करने की घोषणा की जा चुकी है। कपाट बंद होने के पश्चात 17 नवंबर को भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थलों की ओर प्रस्थान करेगी, जहां अगले छह माह तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन और पूजन कर सकेंगे। बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ती ठंड के बावजूद देश-विदेश से हजारों की संख्या में तीर्थयात्री अंतिम दिनों में भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने नवंबर के प्रथम पखवाड़े में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से मौसम के अनुकूल गर्म वस्त्र साथ रखने और निर्धारित तिथियों के अनुसार अपनी यात्रा संपन्न करने की अपील की है।
