दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सत्ता विरोधी लहर के अलावा पार्टी के टॉप नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का खामियाजा उठाना पड़ा। यही वजह रही कि पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती जैसे वरिष्ठ नेता चुनाव हार गए हैं।
बिना किसी मुख्यमंत्री चेहरे के भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद दिल्ली को फतह कर लिया है। दिल्ली की सत्ता में बीजेपी की वापसी को जहां ब्रांड मोदी इफैक्ट माना जा रहा है। वहीं 3 ऐसे भी नेता हैं, जिन्होंने पर्दे के पीछे से पार्टी की जीत की स्क्रिप्ट लिखी है। ये नेता पिछले कई महीनों से दिल्ली के मैदान में डटे हुए थे। इन नेताओं ने जहां पर्दे के पीछे से आम आदमी पार्टी के नैरेटिव को खत्म किया। वहीं खुद की नैरेटिव सेट करने के लिए डोर टू डोर कैंपेन पर फोकस किया। पार्टी की टूट को बचाने के साथ-साथ आप में सेंध भी लगाने की रणनीति इन्हीं नेताओं की थी। अब बीजेपी की जीत के बाद इन नेताओं की सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। पढ़ें विस्तार से..
शिमला: दिल्ली विस चुनाव में हुई भाजपा की जीत में हिमाचल के नेताओं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर व संगठन महामंत्री पवन राणा की भूमिका अहम रही। आठ साल तक हिमाचल भाजपा के संगठन मंत्री रहे पवन राणा ने हिमाचल की तर्ज पर दिल्ली चुनावों में बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख मॉडल लागू किया। चुनावों में बूथ प्रबंधन का जिम्मा पन्ना प्रमुखों को सौंप कर मजबूत टीम तैयार की।
इन तीनो की रणनीति ने देश के दिल में खिलाया कमल..
हर बूथ पर मजबूत उपस्थिति से पार्टी के पक्ष में हवा बनाने की रणनीति पवन राणा की ही थी। इतना ही नहीं हिंदू वोट बैंक को एकजुट करने के लिए दिल्ली में मंदिर प्रकोष्ठों का गठन किया। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के मजबूत वोट बैंक झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को तोड़ने के लिए झुग्गी बस्ती सम्मेलन भी पवन राणा की रणनीति का ही हिस्सा थे। दिल्ली चुनावों के लिए भाजपा का पहला चुनावी घोषणा पत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया। झुग्गियों में रहने वाले लोगों को भाजपा के पक्ष में करने के लिए राणा ने चुनावी घोषणा पत्र में वादे शामिल करवाए।
घोषणा पत्र पार्ट-2 अनुराग ठाकुर ने जबकि पार्ट तीन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जारी किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी पर्दे के पीछे से बीजेपी की जीत में अहम भूमिका निभाई। मुस्लिम प्रभाव वाले सीटों पर अनुराग की ड्यूटी लगाई गई थी। अनुराग के जिम्मे करावल नगर, मुस्तफाबाद, आदर्श नगर आदि सीटों का रणनीति तैयार करना था।
अनुराग ठाकुर डोर टू डोर के जरिए भी हिंदू वोटरों को साध रहे थे। यही वजह है कि मुस्लिम बहुल होने के बावजूद मुस्तफाबाद सीट पर बीजेपी को जीत मिल गई। अनुराग ठाकुर बीजेपी हाईकमान के करीबी माने जाते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री हिमाचल से आते हैं और हमीरपुर सीट से सांसद हैं। अपने भाषणों के लिए चर्चा में रहने वाले अनुराग पूरे चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लगातार हमलावर रहे।
इनके इलावा सांसद सुरेश कश्यप और इंदु गोस्वामी ने भी चुनाव प्रचार में खूब पसीना बहाया। सांसद राजीव भारद्वाज ने दिल्ली में भाजपा के पक्ष में कई रैलियां कीं। विधायक बलवीर वर्मा, गोविंद ठाकुर, रवि मेहता और हंसराज भी चुनावों के दौरान दिल्ली में डटे रहे। महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना योगी की अगुवाई में 30 सदस्यीय टीम भी चुनावों के दौरान दिल्ली में डटी रही।
भाजपा की जीत पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, कंगना रणौत, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, महामंत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को बधाई दी है।
हिमाचल में भी अपनी नाकामियों से होगा दिल्ली जैसा हाल : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में कांग्रेस अपनी नाकामियों के कारण हारी है तथा हिमाचल प्रदेश में भी आगामी विधानसभा चुनाव के समय भी ऐसा ही हाल होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में अलका लांबा के लिए प्रचार किया, जहां पर जमानत जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अब आपदा यानी आम आदमी पार्टी से मुक्ति मिल गई है और अब राष्ट्रीय राजधानी में डबल इंजन की सरकार से विकास की गति तेज होगी। जयराम ठाकुर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर यहां उपायुक्त कार्यालय के बाहर मनाए गए जश्न के दौरान कार्यकर्त्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्त्ताओं की तरफ से लड्डू भी बांटे गए।
हिमाचल में भी कांग्रेस का होगा दिल्ली जैसा हाल : जयराम
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमें अलका लाम्बा पर दया आ रही है, क्योंकि उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 1, 500 रुपए प्रतिमाह जमा होने का वायदा किया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता जेल की सलाखों के पीछे रहे तथा सत्ता में रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास को शीश महल की तरह बनाया। ऐसे में अपने घोटालों के कारण आज आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। देश की जनता को इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा है।
हर्ष महाजन ने दिल्ली में ऐतिहासिक के लिए नड्डा को दी बधाई ..
सांसद हर्ष महाजन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की दिल्ली की जीत के लिए पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा ने इस जीत से दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है।
प्रतिभा सिंह ने चुनावी नतीजों को निराशाजनक बताया
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी हार के कारणों का मंथन करेगी और अपनी कमियों को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनमत का सम्मान करती है।
बता दें कि दिल्ली चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया है। भाजपा को 48 सीटें मिली हैं जबकि 22 पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस इस बार भी ज़ीरो ही रही है।