हिमाचल प्रदेश के ऊपरी शिमला क्षेत्र (Upper Shimla Area – USA) की कनेक्टिविटी और सामरिक मजबूती को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। ढल्ली (शिमला) से रामपुर तक NH-05 को फोरलेन में तब्दील करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने गंभीर संज्ञान लिया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना पर कार्यवाही का भरोसा दिलाया है, जिससे न केवल ITBP की सीमा तक आवाजाही आसान होगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नई उड़ान मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर..

File Photo : नितिन गडकरी और विक्रमादित्य सिंह
शिमला (HD News): हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और रणनीतिक मजबूती को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल पर अब केंद्र सरकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। ढल्ली (शिमला) से रामपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग NH-05 को फोरलेन में अपग्रेड करने तथा टनल्स के माध्यम से मार्ग को अधिक सुगम बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार द्वारा केंद्र को भेजा गया था।
राज्य के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के पत्र के जवाब में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिनांक 11 जून, 2025 को जवाब देते हुए कहा:
"I am having the matter looked into for action." (मैं इस मामले को कार्यवाही के लिए देख रहा हूँ।) इस उत्तर ने उम्मीदें जगा दी हैं कि हिमाचल को जल्द ही इस महत्त्वपूर्ण परियोजना पर केंद्र से स्वीकृति प्राप्त होगी।
🔹 सामरिक दृष्टि से बेहद अहम
यह मार्ग केवल शिमला और रामपुर के नागरिकों के लिए नहीं, बल्कि भारत-चीन सीमा से सटे किन्नौर जिले में तैनात आईटीबीपी जवानों की आवाजाही के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। फोरलेन सड़क और सुरंगों के निर्माण से सैन्य रसद, आपात सेवाओं और बॉर्डर सिक्योरिटी को नया बल मिलेगा।

🔹 आर्थिक और पर्यटन क्षेत्र में नई जान
यह परियोजना राज्य के पर्यटन स्थलों, फल उत्पादन क्षेत्रों और व्यावसायिक केंद्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देगी। ऊपरी शिमला, रामपुर और किन्नौर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में पर्यटन, सेब व्यापार और पारंपरिक हस्तशिल्प को मिलेगा नया बाजार।
राज्य सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण है। यह पहल प्रदेश को इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाली साबित हो सकती है।
NH-05 को फोरलेन बनाना केवल सड़क चौड़ी करने की योजना नहीं, बल्कि हिमाचल को रणनीतिक मज़बूती, आर्थिक उन्नति, और पर्यटन प्रोत्साहन की ओर अग्रसर करने वाला ऐतिहासिक फैसला बन सकता है। राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह सपना जल्द साकार हो सकता है।
उपरोक्त जानकारी हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की गई है। यह समाचार पोस्ट उनके सार्वजनिक दावे और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को प्राप्त पत्र के आधार पर तैयार किया गया है।Himdarshan News स्रोत के अनुसार ही सूचना प्रस्तुत कर रहा है।