शिमला (HD News): हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र राष्ट्रगान के साथ विधिवत आरंभ हुआ। सत्र के पहले दिन सदन ने ऊना जिले के चिंतपूर्णी से पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सदन में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि गणेश दत्त भरवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान समाज और क्षेत्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष के साथ-साथ वरिष्ठ सदस्य चंद्रकुमार, सुदर्शन सिंह बबलू, राजेश कालिया, सतपाल सिंह सत्ती, विवेक शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी ने भरवाल के योगदान को याद करते हुए उनके परिवारजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
