नाइजीरिया में एक भीषण विमान हादसा हुआ है, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। नाइजीरियाई वायुसेना का एक ATR-42 विमान उड़ान के दौरान अचानक क्रैश हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जिनमें 25 यात्री और 7 क्रू मेंबर्स शामिल थे। आखिर आसमान में ऐसा क्या हुआ कि अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इस विमान का संपर्क टूट गया और ये सीधे एक नदी के किनारे जा गिरा? पढ़ें पूरी खबर..
अबुजा: नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में नाइजीरियाई वायुसेना का एक एटीआर-42 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जिनमें 25 यात्री और 7 क्रू सदस्य शामिल थे। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए इसे देश और सशस्त्र बलों के लिए एक बड़ी त्रासदी बताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार, वायुसेना का यह विमान एक नियमित मिशन के तहत बेनिन सिटी से लागोस के लिए उड़ान भर रहा था। नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:13 (GMT) पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल का विमान से संपर्क टूट गया था। इसके कुछ ही समय बाद विमान ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में क्रैश हो गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विमान एक नियमित उड़ान पर था और इसे किसी विशेष आपात स्थिति के लिए नहीं भेजा गया था।
हादसे के बाद विमान का मलबा एक तटीय इलाके के पास पाया गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और नावों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर रहने वाली 39 वर्षीय स्थानीय निवासी दायो अकिन्टे ने बताया कि उन्होंने एक तेज आवाज सुनी थी, जो शुरुआत में बादलों की गरज जैसी लगी, लेकिन बाद में उन्हें विमान क्रैश होने की जानकारी मिली।

राष्ट्रपति टिनुबू ने दुर्घटना के कारणों का सटीक पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वायुसेना को तत्काल जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। यह नाइजीरिया में बीते कुछ वर्षों में हुए सबसे गंभीर विमान हादसों में से एक है। इससे पहले मई 2021 में एक सैन्य विमान दुर्घटना में सेना के तत्कालीन शीर्ष अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरू समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अगस्त 2015 में भी एक अन्य सैन्य विमान हादसे में सात लोगों ने जान गंवाई थी।
डिस्क्लेमर: HD News द्वारा प्रस्तुत इस खबर/वीडियो में दी गई सभी जानकारियां अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और नाइजीरियाई प्रशासन के आधिकारिक बयानों पर आधारित हैं। हमारा उद्देश्य आप तक तथ्यों को पूरी निष्पक्षता और सटीकता के साथ पहुंचाना है।
हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए खबर में इस्तेमाल किए गए कुछ दृश्य (तस्वीरें या वीडियो फुटेज) केवल प्रतीकात्मक (Representational) उद्देश्य के लिए हो सकते हैं। चूंकि मामले की उच्चस्तरीय जांच अभी जारी है, इसलिए भविष्य में आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने पर कुछ तथ्यों में अपडेट या बदलाव संभव है।