हिमाचल प्रदेश की सियासत में कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस हाईकमान जिसे भी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करेगा, उनके लिए सब बराबर है और वह पूरे दिल से उसका समर्थन करेंगे। सुक्खू ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में अब कोई गुटबाजी नहीं बची है और सभी नेता कांग्रेस की विचारधारा के साथ एकजुट होकर काम कर रहे हैं। पढ़ें विस्तार किया से..

शिमला (HD News): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ कहा है कि कांग्रेस हाईकमान जिसे भी प्रदेश अध्यक्ष बनाए, उनके लिए सब बराबर है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी कांग्रेस विचारधारा के साथ खड़े हैं। ऐसे में हाईकमान जिस भी नेता को अध्यक्ष चुनेगा, उसे पूरा समर्थन मिलेगा। सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहता है। प्राकृतिक आपदा पर नियम-67 के तहत सदन में हुई चर्चा के बाद भाजपा का वॉकआउट करना गलत था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायकों ने पहले नियम-130 और फिर नियम-67 के तहत इस विषय पर चर्चा का आग्रह किया, जिस पर 4 दिन तक गंभीर बहस चली। लेकिन जब सरकार ने जवाब देना शुरू किया तो विपक्ष सदन से गायब हो गया। यही नहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जो नियम-67 की दुहाई दे रहे थे, वह खुद ही सदन में नहीं पहुंचे।
“वित्तीय संकट के बावजूद हिमाचल को देश में सबसे बेहतर पैकेज दिया”
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार ने अपने सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल को वह राहत पैकेज दिया है, जो देश के किसी राज्य में नहीं मिल रहा।
घर बनाने के लिए 7 लाख रुपये
कपड़े व घरेलू सामान के नुकसान पर 70 हजार रुपये
कच्चा घर टूटने पर 25 हजार से 1 लाख रुपये
गाय-भैंस जैसे पशुधन पर 55 हजार रुपये
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भाजपा इस विषय पर राजनीति कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
केंद्रीय गृह सचिव से मांगेंगे विशेष पैकेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार बादल फटने और बाढ़ जैसी आपदाएं ग्लोबल वार्मिंग और मौसम में बदलाव का नतीजा हैं। इसका सबसे ज्यादा असर हिमाचल झेल रहा है और आने वाले समय में अन्य राज्य भी इससे प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दौरे पर आए केंद्रीय गृह सचिव से वे विशेष पैकेज की मांग करेंगे।
राहुल गांधी की यात्रा में शामिल नहीं होंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ किया कि मौजूदा समय में विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की यात्रा में जाने का कोई कार्यक्रम उनका नहीं है।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान से साफ है कि हिमाचल कांग्रेस में फिलहाल गुटबाजी की गुंजाइश नहीं है और प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह हाईकमान के फैसले पर निर्भर है। उन्होंने जहां भाजपा पर आपदा प्रबंधन को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया, वहीं अपनी सरकार द्वारा दिए गए राहत पैकेज को सबसे बेहतर बताया। सुक्खू का यह रुख न केवल कांग्रेस संगठन को एकजुट करने वाला है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनता के साथ खड़ी है।