हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में शुरू हुए 11वें राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन में शिरकत कर रहे हैं। बुधवार रात उपाध्यक्ष विनय कुमार और सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों संग बेंगलुरू पहुंचे पठानियां 12 सितम्बर को सम्मेलन को संबोधित करेंगे और सत्र का संचालन भी करेंगे। पढ़ें विस्तार से..
बेंगलुरू: (HD News); हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 11वें राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार रात करीब 9 बजे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू पहुंचे। उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा तथा सचिवालय के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बेंगलुरू एयरपोर्ट पर कर्नाटक सरकार के अधिकारियों ने परंपरागत ढंग से उनका स्वागत किया।
यह सम्मेलन कर्नाटक विधान सभा की मेजबानी में 11 से 13 सितम्बर 2025 तक विधान सौध एवं होटल ताज वेस्ट एंड में आयोजित किया जा रहा है। आज कर्नाटक विधान सौध में सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के चेयरमैन एवं लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, राज्य सभा उपसभापति हरिवंश, कर्नाटक विधान परिषद के चेयरमैन बेस्वराज होराटी, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद सहित कई राज्यों के विधान परिषदों एवं विधान सभाओं के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मौजूद रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि सम्मेलन का मुख्य विषय “विधायी संस्थाओं में संवाद और चर्चा: जन विश्वास का आधार, जन आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम” लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने सभी राज्यों के पीठासीन अधिकारियों से गहन मंथन कर बहुमूल्य सुझाव साझा करने का आह्वान किया।
कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद ने सभी राज्यों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन विधायी संस्थाओं के बीच संवाद और सहयोग का एक सशक्त मंच है।
हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 12 सितम्बर को सम्मेलन को संबोधित करेंगे तथा सत्र का संचालन भी करेंगे। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से सौजन्य भेंट भी की और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा व बादल फटने से हुए नुकसान पर चर्चा की। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे।