बेंगलुरू: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में आयोजित तीन दिवसीय 11वें राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने की जबकि मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। इस मौके पर कर्नाटक विधान परिषद सभापति बसवराज होराट्टी और कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद ने सभी राज्यों के विधान मण्डलों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सचिवों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

पठानियां ने रेखांकित किया संवाद और विमर्श का महत्व
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस पूर्ण सत्र की चर्चाएं भारत की विधायी प्रक्रियाओं में वाद-विवाद और विमर्श के चिरस्थायी महत्व का प्रमाण रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का संवाद जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बेंगलुरू की सराहना, ‘भारत का सिलिकॉन वैली’ और ‘उद्यान नगरी’ कहा
सम्मेलन उपरांत सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से अनौपचारिक वार्ता करते हुए पठानियां ने बेंगलुरू की विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह शहर अपनी विरासत और आधुनिकता के संतुलन के लिए जाना जाता है। लाल बाग और कब्बन पार्क जैसे हरे-भरे उद्यानों के चलते यह “भारत का उद्यान शहर” और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति में अपनी अग्रणी भूमिका के चलते “भारत का सिलिकॉन वैली” कहलाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि बेंगलुरू भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), इसरो और कई प्रमुख विश्वविद्यालयों व शोध केंद्रों का घर है। साथ ही एयरोस्पेस, बायोटेक्नोलॉजी और स्टार्टअप उद्यमों के जरिए यह भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
घुड़दौड़ प्रदर्शनी में भी हुए शामिल
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार कर्नाटक विधानसभा द्वारा आयोजित घुड़दौड़ और प्रदर्शनी कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजकों ने उनका सम्मान किया।
सम्मेलन से जुड़े निष्कर्ष होंगे दूरगामी परिणाम वाले
पठानियां ने कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि सम्मेलन से निकले निष्कर्ष संसदीय प्रणाली और विधायी संस्थाओं को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने आशा जताई कि सभी सभापति अपने-अपने राज्यों में यहां लिए गए निर्णयों को प्रमुखता से लागू करेंगे।
आगे का कार्यक्रम
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार सम्मेलन उपरांत 14 सितम्बर को प्रस्तावित पोस्ट कॉन्फ्रेंस टूर में भी शामिल होंगे तथा 15 सितम्बर को बेंगलुरू से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।