हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बारबाडोज रवाना हो गए हैं। यात्रा के पहले पड़ाव में वे लंदन पहुँचे, जहाँ 2 अक्तूबर तक अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वे डिजिटल लोकतंत्र और नागरिक-संसद संबंधों जैसे अहम विषयों पर भारत की आवाज़ बुलंद करेंगे। पढ़ें विस्तार से..
शिमला: (HD News); बारबाडोज की राजधानी ब्रिजटाऊन में 5 से 12 अक्तूबर 2025 तक आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार रवाना हो गए हैं।

पठानियां गत रात्रि 2:00 बजे नई दिल्ली से बारबाडोज के लिए प्रस्थान कर यात्रा के पहले पड़ाव में आज सुबह भारतीय समयानुसार 7:30 बजे लंदन स्थित हीथ्रो एयरपोर्ट पहुँचे। वे 2 अक्तूबर तक लंदन में अध्ययन प्रवास पर रहेंगे और 3 अक्तूबर की सुबह 8:00 बजे ब्रिजटाऊन के लिए रवाना होंगे।
सम्मेलन में 5 से 12 अक्तूबर के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में पठानियां भारत की ओर से विचार प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान वे तीन चयनित विषयों पर अपना संबोधन देंगे। सम्मेलन का प्रमुख विषय “प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना: डिजिटल परिवर्तनों के माध्यम से लोकतंत्र को बढ़ावा देना और डिजिटल विभाजन से निपटना” होगा, जिस पर गहन चर्चा की जाएगी।

पठानियां देश के सर्वश्रेष्ठ पीठासीन अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने पूर्व में भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने जोशीले अंदाज, बेबाक टिप्पणियों और सशक्त वक्तृत्व कला से अपनी विशेष पहचान बनाई है। इस सम्मेलन के माध्यम से भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों के बीच संसदीय संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेकर कुलदीप सिंह पठानियां न केवल भारत का गौरव बढ़ाएंगे, बल्कि संसदीय लोकतंत्र और डिजिटल बदलावों के महत्व को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर करेंगे। उनकी यह यात्रा हिमाचल प्रदेश और देश की प्रतिनिधित्व क्षमता को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उपाध्यक्ष विनय कुमार भी उनके साथ रहकर सम्मेलन में सहयोग करेंगे, जिससे भारत की टीम और भी सशक्त होगी।
