शिमला: (HD News); शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री पठानिया ने बताया कि चूंकि सदन में मुख्य रूप से दो ही दल हैं, इसलिए उनके प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सरकार के उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और भाजपा के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण और आज के लिए प्रस्तावित विधायी कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें दोनों दलों ने अपनी-अपनी राय रखी।

विधानसभा अध्यक्ष ने सदन के सुचारू संचालन के लिए दोनों पक्षों से रचनात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि सदन के बहुमूल्य समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े विषयों को उठाने, उन पर चर्चा करने और सही निर्णय तक पहुंचने में किया जाए। श्री पठानिया ने आश्वस्त किया कि वे सभी सदस्यों को सार्थक चर्चा के लिए भरपूर समय देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी जनहित के मुद्दे उठाना है, वहीं सरकार का दायित्व है कि वह विपक्ष द्वारा पूछे गए प्रश्नों और मांगी गई सूचनाओं का समयबद्ध और तथ्यपूर्ण उत्तर दे।

सत्र की समयसारिणी की जानकारी देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि फिलहाल बजट सत्र के लिए 16 से 18 फरवरी, 2026 तक तीन दिनों की बैठकों की अधिसूचना जारी की गई है। हालांकि, उन्होंने यह संकेत भी दिया कि विधायी कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए यदि जरूरी हुआ, तो सत्र की अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।
