हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला सोलन के रामशहर क्षेत्र से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव नेरन में बारिश के कारण अचानक जमीन धंस गई, जिससे स्थानीय निवासी शंकर कुमार पुत्र बुधराम का मकान नीचे बैठ गया। गनीमत रही कि खतरे का अंदेशा होने पर परिवार को पहले ही सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था, जिस कारण किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। पढ़ें विस्तार से..
सोलन: (HD News); हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिला सोलन की रामशहर तहसील के तहत ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव नेरन में लगातार हो रही बरसात से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां भारी बारिश के चलते अचानक जमीन धंस गई और स्थानीय निवासी शंकर कुमार पुत्र बुधराम का रिहायशी मकान देखते ही देखते धरती में समा गया
मकान गायब… सिर्फ छत नज़र आई!
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि मकान का ढांचा पूरी तरह जमीन में समा गया और ऊपर सिर्फ छत यानी लैंटर ही दिखाई दे रहा है। चारों ओर फैली हरियाली और पत्थरों के बीच देखकर कोई यकीन नहीं कर पा रहा कि यहां कभी एक पूरा घर खड़ा था। यह नजारा देखकर ग्रामीण भी हैरान हैं और लगातार चर्चा कर रहे हैं।
खतरे का अंदेशा, समय रहते खाली हुआ मकान
बताया जा रहा कि मकान में पहले ही दरारें आ गई थीं और खतरे का अंदेशा था। इसी कारण समय रहते मकान को खाली करवा दिया गया था। यही वजह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अगर मकान खाली न कराया गया होता तो यह घटना बड़ी त्रासदी का रूप ले सकती थी।

ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से मदद की मांग
बरसात के कारण जमीन धंसने और भूस्खलन की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोग लगातार हो रही बरसात के कारण अब अपने घरों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर असमंजस में हैं। प्रभावित परिवार ने सरकार और जिला प्रशासन से तुरंत राहत राशि देने और सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है।
इस हैरान कर देने वाली घटना के बारे में मीडिया ने जब सम्बंधित ग्राम पंचायत प्रधान किशन चंद से सम्पर्क किया तो उन्होंने बताया कि खतरे को भांपते हुए मकान को पहले ही खाली करा लिया गया था। इसी कारण इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
डिस्क्लेमर :- इस खबर में दी गई जानकारी उपलब्ध तथ्यों, स्थानीय सूत्रों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर प्रकाशित की गई है। समाचार का उद्देश्य केवल जनसाधारण तक जानकारी पहुँचाना है। HD News किसी भी प्रकार से घटना से संबंधित दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है और पाठकों से अपील करता है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें और स्थिति से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों पर भरोसा करें।