हिमाचल प्रदेश की शैक्षणिक भूमि एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. अमित आर्य को हरियाणा राज्य की प्रतिष्ठित दादा लक्ष्मीचंद परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स यूनिवर्सिटी, रोहतक का कुलपति नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति न केवल डॉ. आर्य की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट परंपरा का भी प्रमाण है।
शिमला: (HD News); डॉ. अमित आर्य ने वर्ष 1990 से 1995 तक हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में विधि (Law) और पत्रकारिता (Journalism) की पढ़ाई की। उनकी विद्वता और सांस्कृतिक समझ ने उन्हें शिक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। उनकी कुलपति पद पर नियुक्ति की जानकारी मिलते ही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) में हर्ष की लहर दौड़ गई।
हपुटवा के अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास ने इस अवसर पर कहा, "यह हमारे विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व की बात है कि यहाँ के पूर्व विद्यार्थी को रोहतक जैसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक केंद्र की कमान सौंपी गई है। डॉ. अमित आर्य का अनुभव और दृष्टिकोण निश्चित रूप से हरियाणा के उच्च शिक्षा जगत को नई दिशा देगा।"
डॉ. अमित आर्य की यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह सिद्ध करता है कि समर्पण, गुणवत्ता और मूल्यों से परिपूर्ण शिक्षा किसी भी छात्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकती है। हपुटवा परिवार ने डॉ. आर्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की है।
